शाहजहांपुर। शुक्रवार दोपहर नमाज के बाद महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती के पैगंबर साहब पर दिए विवादित बयान के खिलाफ मुस्लिम समाज के लोगों ने एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान तमाम लोगों के सड़क पर आने के कारण करीब आधे घंटे तक जाम लग गया था। इस मामले में एक नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जुमे की नमाज के बाद एसपी को जामा मस्जिद के बाहर नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ ज्ञापन देने का एलान किया गया था। नमाज के बाद वहां मुस्लिम समाज के हजारों लोग एकत्रित हो गए थे। मौके पर पहुंचे एसपी को ज्ञापन दिया था। इसके बाद तमाम लोग सड़क पर आ गए, जिसके कारण करीब 35 मिनट तक जाम लगा रहा। मामले में शनिवार को चौक कोतवाली में ज्ञापन देने वालों में एक नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ महामारी अधिनियम और धारा 144 के उल्लंघन में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वहीं, शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि जिसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी, उसके खिलाफ न होकर ज्ञापन देने वालों पर करने से साबित हो गया कि कमजोरों को दबाया जाता है। उन्होंने कहा कि चुनाव, शादी, और बाजारों में भीड़ लग रही है, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन किया गया था। महामारी अधिनियम और धारा 144 का उल्लंघन करने पर एक नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।