शाहजहांपुर। जिले में कोराना कहर बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को रोजा क्षेत्र में एक टेंट व्यापारी की कोरोना से मौत हो गई, जबकि एक सरकारी वकील सहित 106 लोग पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों में जजी की एक महिला कर्मचारी शामिल हैं। दोनों के पॉजिटिव आने से जिला जज ने 24 घंटे के लिए जजी कचहरी समेत पूरा न्यायालय परिसर सील करा दिया है। माह का दूसरा शनिवार और उसके बाद रविवार होने के कारण अब सोमवार को कोर्ट खुलेगी।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसविंदर सिंह बजाज ने बताया कि कोर्ट परिसर में एक महिला कर्मचारी और सरकारी वकील के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिला जज ने शासन की गाइड लाइन का पालन करते हुए 24 घंटे के लिए कोर्ट परिसर बंद कर दिया है। इसलिए शुक्रवार को कोर्ट बंद रहेगी और दूसरा शनिवार होने के कारण इस दिन स्वत: बंदी रहेगी, फिर रविवार का अवकाश हो जाएगा। इसलिए अब सोमवार को कचहरी और कोर्ट खुलेगी।
बृहस्पतिवार को रोजा के मोहल्ला आदर्श नगर कॉलोनी निवासी एक टेंट व्यापारी कोरोना से मौत हो गई। वह बुधवार को पॉजिटिव पाया गया था। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को उसकी तबियत अधिक खराब हो गई, इसलिए उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, देर शाम गर्रा मोक्षधाम पर उसका अंतिम संस्कार करा दिया गया। इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना जांच में जिले भर में 106 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इस तरह अब संक्रमितों की कुल संख्या 4235 हो गई है, जिसमें 1661 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 1441 को होम क्वारंटीन पर रखा गया है। वर्तमान में 1075 लोग कोरोना एक्टिव चल रहे हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
मदनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बृहस्पतिवार को 79 लोगों की जांच की गई, जिसमें महिला कोटेदार, उसका पति और बेटी पॉजिटिव मिले हैं। कोटेदार का पति भाजपा का मंडल अध्यक्ष है। तीनों संक्रमितों को फिलहाल होम क्वारंटीन कराया गया है। जानकारी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. राजीव भारती ने दी।