शाहजहांपुर। जिले में कोरोना का कहर बरकरार है। शुक्रवार को नगर निगम के अपर नगर आयुक्त समेत 23 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इस तरह अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 279 तक जा पहुंची है। इसमें 129 पॉजिटिव का कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है और 150 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
शुक्रवार को मिले नए संक्रमितों में थाना सदर बाजार में 33 वर्षीय कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर तैनात एक सिपाही संक्रमित मिला है, जबकि सिविल कोर्ट में 54 वर्षीय जो व्यक्ति संक्रमित मिला है, वह पीएसी का जवान है। बरेली मोड़ स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय एक युवक है। इसी तरह बाडूजई प्रथम में 40 वर्षीय एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। दोनों की रैंडम जांच की गई थी। रामनगर कॉलोनी में तीन लोग संक्रमित मिले हैं, जिसमें 34 वर्षीय एक व्यक्ति, 63 वर्षीय एक महिला और 53 वर्षीय एक महिला शामिल है। इसी तरह ओसीएफ एस्टेट डबल स्टोरी में 51 वर्षीय एक व्यक्ति, आवास विकास में 23 वर्षीय एक युवक, रेती मोहल्ला में 30 वर्षीय एक युवक, बाडूजई प्रथम में 29 वर्षीय और 40 वर्षीय एक व्यक्ति, बाईबाग 25 वर्षीय एक युवक संक्रमित मिला है।
इनके अलावा जलालाबाद का 38 वर्षीय एसबीआई का कर्मचारी है, जो बुखार से पीड़ित था और इसी तहसील के प्रतापनगर में 52 साल का एक व्यक्ति संक्रमित मिला है, जिसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। चिनौर में 45 वर्षीय एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। रोजा क्षेत्र के गांव नरेंद्र अर्जुनपुर निवासी 50 वर्षीय महिला, कटरा खुदागंज में भी 54 वर्षीय एक व्यक्ति और तिलहर के मोहल्ला चौहटिया निवासी एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। कटरा क्षेत्र में ही गांव रामापुर की 45 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। दोनों संक्रमितों को सांस लेने में कठिनाई हो रही थी।
चौहटिया निवासी व्यक्ति पावर कॉरपोरेशन का कर्मचारी है। गांधीनगर खुटार में और पुवायां के मोहल्ला कसभरा में एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। पुवायां के मोहल्ला कसभरा में जो संक्रमित मिला है, वह किर्गिस्तान से लौटा है, जो कोरोना जांच में पॉजिटिव पाया गया है। जबकि खुटार की एचडीएफसी बैंक में पिछले दिनों जो कर्मचारी संक्रमित मिला था, उसके पिता की भी जांच पॉजिटिव आई है। इसी तरह गांधीनगर में जो संक्रमित मिला है, वह पिछले दिनों मिले संक्रमित युवक का भाई है।
बंद रहे कलक्ट्रेट समेत अन्य कार्यालय
शाहजहांपुर जिला पूर्ति कार्यालय में एक महिला लिपिक के संक्रमित मिलने के बाद बंद किया गया कलक्ट्रेट परिसर शुक्रवार को भी बंद रहा। मुख्य रास्ते पर बैरिकेडिंग कर दिए जाने से कचहरी जाने वाले वकीलों और वादकारियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस क्षेत्र की दुकानें भी शुक्रवार को बंद रहीं। बतादें कि कलक्ट्रेट परिसर में जिला कोषागार, विकास भवन, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कार्यालय, जिला पंचायत, जिला पूर्ति कार्यालय समेत अन्य सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे।