जलालाबाद। डॉक्टर और महिला कर्मचारी की की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तहसील प्रशासन ने कस्बे के दो मोहल्ले और सदर बाजार सील कर दिया। सदर बाजार सील करने को लेकर भड़के व्यापारियों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव कर लिया और हंगामा करने लगे। इस दौरान व्यापारी नेताओं और एसडीएम के बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में तहसील प्रशासन ने कंटेन्मेंट जोन इलाका नापने के बाद सदर बाजार रोड की बल्लियां हटवाने के आदेश नगर पालिका को दिया।
जलालाबाद के मोहल्ला कानून गोयान में किराए पर रहने वाली महिला स्वास्थ्य कर्मी और नौसारा निवासी कटेली पीएचसी पर तैनात आयुष डाक्टर की जांच रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद प्रशासन ने कानून गोयान और नौसारा के एरिया के साथ सदर बाजार रोड व तहसील रोड को कंटेन्मेंट घोषित कर सील कर दिया। इससे कुछ दिन पहले ही 14 दिन सदर बाजार क्षेत्र सील रह चुका है। प्रशासन द्वारा पुन: बाजार सील किए जाने के निर्णय से भड़के व्यापारी तहसील जा पहुंचे और एसडीएम आफिस का घेराव कर लिया। इस बीच बाजार को कंटेन्मेंट जोन से बाहर करने की मांग की गई। वहां चेयरमैन मनेंद्र गुप्ता के अलावा व्यापारी व भाजपा नेता जा पहुंचे, उन्होंने भी व्यापारी वर्ग को होने वाले नुकसान से एसडीएम को अवगत कराया और राहत देने की मांग की गई। इस दौरान व्यापारी नेताओं और एसडीएम के बीच नोकझोंक भी हुई। इसकी सूचना पाकर कोतवाल धीरेंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। काफी देर चले हंगामे के बाद एसडीएम ने कंटेन्मेंट जोन की नाप कराने का निर्देश ईओ डी एस वर्मा को दिया। जिसके बाद हुई नाप में 250 मीटर की एरिया के बाद जिस क्षेत्र को कंटेन्मेंट जोन में शामिल किया गया था वहां से बल्लियां हटवाने के निर्देश दिए गए। जबकि दूसरी तरफ के कंटेन्मेंट जोन के क्षेत्र में बढ़ोतरी कर अन्य स्थानों पर बल्लियां लगवाई गई।
एसडीएम के आदेश पर कंटेन्मेंट जोन के लिए निर्धारित किए गए एरिया के मुताबिक 250 मीटर क्षेत्र की नाप कर ली गई। जिसके बाद सदर बाजार के इलाके लगाई गई बल्लियों को खुलवाया जा रहा है। अब बाजार वाला एरिया खुल जाएगा, जबकि नाप के दायरे में आए दूसरी दिशा में कंटेन्मेंट जोन के क्षेत्र में बढोतरी की गई है। जहां नई बेरिकेटिंग करवाई जा रही है। - डीएस वर्मा, ईओ नगर पालिका जलालाबाद