पुवायां में शाम छह बजे के बाद दुकान खुली रहने पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। लॉकडाउन में छह बजे के बाद भी दुकान खुली मिलने पर कई दुकानदारों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में दुकानों के शटर गिरने लगे। इस दौरान कई लोगों से बिना मॉस्क घूमने पर जुर्माना वसूला गया।
सोमवार की शाम को सवा छह बजे एसडीएम दशरथ कुमार, सीओ नवनीत कुमार नायक, कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह फोर्स के साथ नगर में पैदल भ्रमण पर निकले। इस दौरान अधिकारियों को खुटार रोड पर कई दुकानदार दुकानें खोले मिले। अधिकारियों ने तीन दुकानदारों को पकड़कर थाने में बिठा दिया। इसके अलावा खुटार रोड पर एक बक्से वाली दुकान खुली मिलने पर सीओ ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार पुलिस से बचकर शटर गिराकर खिसक लिए। इसके अलावा पुलिस ने बीस लोगों पर बिना मास्क घूमते पाए जाने पर सौ सौ रुपये जुर्माना वसूला है। नगर में राजीव चौक पर भूसा भरे एक ओवरलोड ट्रक का चालान भी किया गया। ट्रक में चालक, हेल्पर और 11 श्रमिक केबिन में बैठे पाए गए।