शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर तिराहे पर रविवार रात बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद के बाद पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई थी। इसमें एक अधिवक्ता और उनके बेटे समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। लॉकडाउन में सरेआम हुईं दो लोगों की हत्या से गांव में दहशत है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव चिनौर निवासी 20 वर्षीय आकाश वर्मा थाना रोजा क्षेत्र के अटसलिया स्थित एक नमकीन फैक्ट्री में नौकरी करते थे। रविवार रात 8:30 बजे वह छोटे भाई प्रकाश के साथ ड्यूटी करके घर लौट रहे थे। कैंट क्षेत्र में पटेल रोड के पास सामने बाइक से आ रहे निखिल निवासी ओसीएफ स्टेट कॉलोनी थाना सदर बाजार, आदर्श निवासी आवास विकास कॉलोनी थाना सदर बाजार से भिड़ंत हो गई। इस पर उनके बीच विवाद हो गया। तभी आकाश के पिता कैलाश वर्मा मौके पर पहुंच गए। वह आकाश को बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे। आरोप है कि तभी उन्हें चिनौर तिराहे पर उसी गांव के अधिवक्ता गंगा प्रसाद अपनी राइफल और उनका पुत्र अधिवक्ता रोहित दोनाली बंदूक लेकर पहुंच गए और आकाश तथा कैलाश को रोककर वाद विवाद करने लगे। इतने में पीछे से निखिल, आदर्श, विनोद, प्रभात भी वहां आ गए, जिससे उनमें गाली गलौज होने लगी। इसके बाद रोहित ने दोनाली बंदूक से फायर कर दिया। गोली लगते ही कैलाश और आकाश लहूलुहान होकर गिर पड़े। शोर शराबा मचने पर गांव के सोनू, विजेंद्र आदि दौड़े तो हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल पिता-पुत्र को दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक कैलाश वर्मा की पत्नी गीता देवी की ओर से निखिल, आदर्श, प्रभात, विनोद, गंगाप्रसाद, रोहित के खिलाफ धारा रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव चिनौर में पिता-पुत्र की हत्या के मामले में अधिवक्ता पिता-पुत्र समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। दिनेश त्रिपाठी, एसपी सिटी, शाहजहांपुर।