शाहजहांपुर। दिल्ली से मऊ के लिए जाने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन से रविवार रात 134 प्रवासी मजदूर यहां पहुंचे। यह सभी प्रवासी मजदूर दिल्ली में मजदूरी करने गए थे और लॉकडाउन की वजह से काम बंद होने के कारण खाली बैठे हुए थे। लॉकडाउन में वहां उन्हें कमाई के साथ ही खाने पीने की दिक्कतें आ रही थी। रुपये खत्म होने पर उन्हें अपने घर को लौटना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन रविवार रात 10:45 बजे शाहजहांपुर पहुंची। उसमें से 130 प्रवासी मजदूर ट्रेन से उतरे। जिनकी स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद बसों से शेल्टर होम भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार रात साढ़े आठ बजे श्रमिक स्पेशल आएगी, लेकिन उससे आने वाले प्रवासी मजदूरों की संख्या का अंदाजा नहीं है। रेलवे ने पहले से ही सभी तैयारियां कर रखी है। उन्होंने बताया कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन के आने से पहले और बाद में रेलवे स्टेशन को सैनिटाइज कराया जाता है। इसके साथ ही रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों को सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन पर इस समय सामान्य व्यक्तियों के आने जाने पर प्रतिबंध है। एक जून से कुछ और स्पेशल ट्रेनों के चलने की घोषणा के बाद रिजर्वेशन काउंटर खोल दिया गया है। जहां पर लोग आरक्षण कराने पहुंच रहे हैं।