सड़क हादसे का शिकार हुए सर्वेश वर्मा का फाइल फोटो।
- फोटो : POWAYAN
बंडा। तेज गति से दौड़ते वाहन की टक्कर लग जाने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर घायल हो गया।
गांव सिंघापुर पनई निवासी 35 वर्षीय सर्वेश कुमार वर्मा अपने साथी गांव के ही हरीश वर्मा के साथ बाइक से कपड़ा लेने पूरनपुर जा रहे थे। बंडा पूरनपुर रोड पर गांव हंसापुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन की बाइक में टक्कर लग जाने से सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरीश गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हरीश के बताए पते के अनुसार सर्वेश वर्मा के परिवार के लोगों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर सर्वेश और हरीश को बंडा सीएचसी लाई, जहां डॉक्टर ने सर्वेश को मृत घोषित कर हरीश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सर्वेश की मौत की जानकारी घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते बिलखते बंडा सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है। सर्वेश की मौत से पिता लालाराम, मां रामदेवी, पत्नी सरबती देवी, पुत्री 15 वर्षीय अमृता, 13 वर्षीय प्रभा, दस वर्षीय प्रीति, आठ वर्षीय पुत्र आयुष्मान का रो रोकर बुरा हाल है।