तिलहर के गांव बिलहरी को बैरीकेडिंग लगाकर सील किया गया।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने बैरीकेटिंग लगाकर बिलहरी गांव को सील कर दिया है। गांव में लोगों के आने जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। इससे शनिवार को गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ने घर-घर जाकर सर्वे किया। एसडीएम वेद सिंह चौहान, सीओ मंगल सिंह रावत टीम के साथ गांव में घंटों डेरा जमाए रहे।
नगर के एलबीजेपी इंटर कॉलेज शेल्टर होम में पांच दिन पहले क्वारंटीन किए गए मीरानपुर कटरा के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी युवक तिलहर इलाके के गांव बिलहरी अपनी ससुराल में रह रहा था। 14 मई को वह मुंबई से लौटा था। मुंबई में वह हेयर सैलून का काम करता है। चार दिन ससुराल में रहने के बाद 19 मई को युवक तिलहर सीएचसी अपनी जांच कराने आया था। बुखार आने पर उसे पांच लोगों के साथ नगर के एलवीजेपी इंटर कॉलेज में क्वारंटीन कर दिया गया था। शुक्रवार की शाम युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उसे एंबुलेंस में इलाज के लिए पीलीभीत भेज दिया गया।
युवक परिजन सहित 27 लोगों के सैंपल लिए गए
सीएससी प्रभारी डॉ कमरुज्जमा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के ससुर सगीर मंसूरी, उसकी पत्नी निशा मंसूरी सहित परिवार के 23 सदस्यों समेत 27 लोगों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था, जो शाम को वापस लौट आए। डॉ. कमरुज्जमा ने बताया कि शाहजहांपुर अस्पताल में सभी की सैंपल लेने के बाद क्वारंटीन सेंटर पर रखा गया है।
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों की तलाश
कोरोना पॉजिटिव मिला युवक चार दिन तक अपने गांव में रहा था। इस दौरान वह किस-किस से मिला और उससे मिलने कहां-कहां से लोग आए उन सब के बारे में ब्योरा जुटाया जा रहा है। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि युवक गांव में इधर-उधर घूमता रहा था। तिलहर बाजार में सामान खरीदने गया था। इसलिए उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश है।
गांव के दूध उत्पादन की डलिीवरी बंद की गई
एसडीएम ने वेद सिंह चौहान ने गांव से दूध की डिलीवरी बंद करा दी है। दूध लोगों से घर में खपत करने को कहा है। पिछले दिनों से तिलहर बाजार में दूध की डिलीवरी जहां-जहां की गई है उस पर प्रशासन की कड़ी नजर है। एसडीएम ने गांव में राशन सब्जी आदि आवश्यक वस्तुओं के होम डिलीवरी कराने के लिए ग्राम प्रधान को निर्देश दिए।