शाहजहांपुर/ जैतीपुर। जिले में रविवार को जिले में 21 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। जैतीपुर इलाके के गोगेपुर गांव में एंटीजन जांच के दौरान दो लोग पॉजिटिव मिले। इनमें एक संक्रमित बहाने से भाग निकला। परिजन और पुलिस के तलाशने पर देर शाम तक संक्रमित का पता नहीं चला।
जैतीपुर इलाके के गोगेपुर गांव में शुक्रवार को एक युवक की बुखार से मौत हो गई थी। इसकी खबर अमर उजाला में छपने के बाद जैतीपुर सीएचसी की टीम गोगेपुर गांव पहुंची। वहां जांच के दौरान 15 मरीज बुखार के पीड़ित पाए गए। एंटीजन टेस्ट में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इसका पता लगने पर एक संक्रमित बहाने घर से निकल गया, जिसके बाद नहीं लौटा। इंतजार करने के बाद परिजन और स्वास्थ्य विभाग वाले ने तलाश शुरू की, लेकिन संक्रमित नहीं मिला। सूचना मिलने पर जैतीपुर थाने से पहुंचे पुलिस वाले भी रविवार देर शाम तक संक्रमित को तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जैतीपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. लईक अहमद ने बताया कि क्षेत्र में तीन मरीज कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें एक भिटारा और दो गोगेपुर गांव के हैं। गोगेपुर का एक संक्रमित बहाना करके खेतों की तरफ भाग गया है। परिजनों और पुलिस के माध्यम से उसे तलाश कराया जा रहा है। उधर, रविवार को जिले में 21 लोग कोरोना संक्रमित मिले। अब कुल संक्रमितों की संख्या 5764 हो गई है। इनमें 2520 ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। 2698 लोग होम आईसोलेशन पूर्ण कर चुके हैं। कुल सक्रिय मरीज 546 हैं।