शाहजहांपुर। जिले में शनिवार को दो और लोगों की जान चली गई। जबकि 79 पॉजिटिव पाए गए। अब महामारी से मरने वालों की संख्या 74 हो गई है। वहीं संक्रमितों का आंकड़ा पांच हजार के पास पहुंच गया है। शहर के मोहल्ला तारीन टिकली निवासी 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज के एल-2 कोविड अस्पताल में शाम करीब सवा चार बजे मौत हो गई। संक्रमित व्यक्ति को 17 सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इसी तरह आर्डनेंस क्लोदिंग फैक्टरी के रिटायर्ड 70 वर्षीय कर्मचारी की मौत शनिवार शाम करीब पौने छह बजे हो गई। इन्हें 16 सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। दो लोगों की मौत से अब कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़ती हुई 74 तक पहुंच गई है।
इधर एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटल से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 64 लोग कोरोना जांच में पॉजिटिव पाए गए, लेकिन शुक्रवार देर रात के 15 पॉजिटिव भी बढ़ने से संख्या 79 हो गई। सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि अब जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या पांच हजार का आंकड़ा पार करते हुए 5038 हो चुकी है, जिसमें 2040 डिस्चार्ज भी हो चुके हैं और 2026 लोग होम क्वारंटीन पूरा कर चुके हैं। वर्तमान में कोरोना महामारी एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 898 है, जिनका इलाज किया जा रहा है।