शाहजहांपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों के साथ मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को कोरोना दो की मौत हो गई। वहीं, जिला अस्पताल के सीएमएस समेत 70 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसकी पुष्टि सीएमएस ने स्वयं की है।
सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव चांदापुर निवासी 50 वर्षीय महिला को तबीयत खराब होने पर 12 सितंबर को मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया था, जांच में वह पॉजिटिव निकली थी। रविवार रात करीब पौने बारह बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला मंदिर गंज निवासी 20 वर्षीय युवक की कोरोना से मौत हो गई। युवक को 13 सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था, सोमवार दोपहर 12 बजे के करीब उसकी मौत हो गई। इस तरह जिले में अब तक 69 लोगों की जान कोरोना में जा चुकी है।
इधर, एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को जिले भर में कराई गई जांच में 17 लोग पॉजिटिव निकले, जबकि 53 लोग रविवार देर तक पॉजिटिव मिले थे। इस तरह कुल संक्रमितों की संख्या 70 रही। जनपद में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 4596 हो चुकी है, जिसमें 1814 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 1711 लोग होम क्वारंटीन भी पूरा कर चुके हैं। इस तरह अब कोरोना पॉजिटिव 1002 लोग उपचाराधीन चल रहे हैं। उधर, मीरानपुर कटरा में अलग-अलग मोहल्लों में चार लोग पॉजिटिव मिले हैं।
जैतीपुर में निकले पांच कोरोना पॉजिटिव
जैतीपुुर। स्थानीय सीएचसी पर सोमवार को कराई गई कोरोना जांच क्षेत्र के पांच व्यक्ति कोरोना निकले। सीएचसी प्रभारी डॉ. लईक अहमद ने बताया कि जांच में मिले सभी पांचों पॉजिटिव को होम क्वारंटीन करा दिया गया है। संवाद