तिलहर। तहसील मार्ग पर सोमवार की शाम कांवड़ यात्री गुजरने के दौरान एक होटल पर मीट और रोटी की बिक्री को लेकर विवाद होने पर पुलिस ने होटल संचालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब शाम करीब चार बजे तहसील मार्ग से कांवड़िया निकलने के दौरान वहां के एक होटल पर मीट-रोटी परोसे जाने की सूचना पाकर हिंदू युवा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष नीरज वर्मा अपनी टीम के साथ वहां पहुंच गए।
उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान होटल बंद रखने के लिए कहा तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बाद में सूचना मिलने पर वहां पहुंची पुलिस ने होटल के संचालक को हिरासत में ले लिया। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि हिरासत में लिए गए होटल संचालक से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। संवाद