सीएमओ कार्यालय में सीएमओ को ज्ञापन देते संविदा कर्मचारी। स्रोत : जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को सीएमओ कार्यालय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक कुमार मिश्रा को ज्ञापन दिया। लंबित मानदेय का भुगतान न होने पर 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
सीएमओ को ज्ञापन देकर जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि विद्यालयों का शैक्षिक सत्र प्रारंभ हो चुका है। कर्मचारियों को अपने बच्चों की पढ़ाई से संबंधित शुल्क, पुस्तकें और अन्य खर्च करने हैं। मानदेय न मिलने से कर्मचारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इससे प्रदेशभर में कर्मचारियों में असंतोष है।
उन्होंने लंबित मानदेय के जल्द भुगतान की मांग की। साथ ही 20 मई तक भुगतान न होने पर 21 मई से नो पे-नो वर्क की नीति अपनाते हुए कार्य बहिष्कार की घोषणा की। कार्यक्रम में डॉ. अजय नागर, प्रमोद कुमार, प्रशांत कुमार आदि भी मौजूद रहे।