कल्याण का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
- फोटो : mathura
सेहरामऊ दक्षिणी। बादशाहनगर विद्युत उपकेंद्र के यार्ड में रविवार दोपहर इनकमिंग ट्रॉली में आई खराबी ठीक करते समय करंट लगने से संविदा कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाने पर वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कर्मचारियों और ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर हंगामा किया। मामले में एसई ने एक्सईएन जागेश कुमार को जांच सौंपी है।
गांव मानपुर उर्फ मनवापुर निवासी 40 वर्षीय कल्याण बादशाहनगर विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत थे। रविवार की दोपहर करीब 2:30 बजे वह उपकेंद्र के पीछे यार्ड परिसर में लगी ट्रॉली में आई खराबी ठीक करने में जुटे थे। इसी दौरान अचानक करंट लगने से कल्याण के शरीर से आग की लपटें उठने लगीं और वह गंभीर रूप से झुलस गए। कर्मचारियों ने यार्ड की ट्रॉली वाली लाइन बंद करके उन्हें बाहर निकाला।
उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन वहां इलाज शुरू होने से पहले उनकी मौत हो गई। यह खबर उपकेंद्र पर पहुंचते ही कर्मचारियों ने काम छोड़कर हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने भी हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियाें को शांत कर घटना की जानकारी ली। बाद में मेडिकल कॉलेज जाकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। उनकी मौत से पत्नी गीता देवी, पुत्री शिल्पी व दुर्गा और पुत्र अनुज कुमार व गंगा का रो-रोकर हाल-बेहाल हो गया।
संविदा कर्मी की आकस्मिक मौत की सूचना पाकर ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। बाद में राजकीय मेडिकल कॉलेज जाकर मृतक के परिजनों से मिले और उन्हें शासन से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक ने अस्पताल में मृतक के परिजन को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
-
कर्मियों के काम छोड़ने से बिजली आपूर्ति बाधित
-बादशाहनगर उपकेंद्र पर इनकमिंग पैनल ट्रॉली की सफाई करते समय करंट लगने से कल्याण की मौत के बाद साथियों ने हंगामा शुरू कर दिय। इसके बाद पूरे क्षेत्र की आपूर्ति को बाधित कर दिया गया। रात आठ बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। बताते हैं कि मामले में संविदा कर्मियाें की लापरवाही सामने आई है। वहीं, दूसरी ओर मृतक के परिजन को क्लेम कार्यदायी संस्था की तरफ से मिलेगा।
मामले की जांच के निर्देश एक्सईएन नगर जागेश कुमार को दिए गए हैं। उनसे सोमवार शाम तक रिपोर्ट को मांगा है। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जेपी वर्मा, एसई-बिजली