कोहरा और शीतलहर के प्रकोप से सर्दी का कहर सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। इस कारण थर्मामीटर का पारा भी लगातार नीचे गिर रहा है। कोहरा गिरने के साथ दिन भर ठंडी हवाएं चलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। हालांकि, शुरुआती सर्दी को स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे खूब इंज्वॉय कर रहे हैं। सर्दी के सीजन ने करीब एक माह पहले दस्तक दी, लेकिन उस वक्त केवल सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास हुआ क्योंकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकलती रही। बीते शनिवार से मौसम ने अपने तेवर अचानक तीखे कर लिए, जब भोर होते ही कोहरा गिरने लगा। तब से लगातार सूर्योदय से लेकर दिन चढ़ने तक कोहरा मंडरा रहा है। यही नहीं, दिन ढलने के बाद भी वातावरण पर कुहासे की धुंध छाने लगती है। इससे रात और दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह यादव के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान कोहरे की वजह से दिन के तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि शनिवार से अब तक थर्मामीटर का पारा 6.6 डिग्री और लुढ़क गया है। तापमान में गिरावट का यह दौर आगे भी जारी रहने के आसार हैं।
आलू समेत कई सब्जियों को नुकसान की आशंका
लगातार कोहरा गिरने और उससे वातावरण में बढ़ रही नमी गेहूं की फसल के लिए लाभकारी है, लेकिन आलू समेत अन्य कई सब्जियों के लिए ऐसा मौसम खतरे की घंटी है। पर्याप्त धूप नहीं निकलने और तापमान में लगातार गिरावट से आलू, फूल गोभी, पत्ता गोभी, टमाटर आदि फसलों की देखभाल बढ़ानी होगी क्योंकि इन सब्जियों में तमाम कीट-रोग इसी तरह के मौसम में पनपते हैं। --डॉ. सीपी गुप्ता, उद्यान वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र