जलालाबाद के हैदलपुर घाट के पैंटून पुल के समीप पानी मे समाई रेत भरी बोरियाँ
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से खंडहर इलाके के हैदलपुर घाट पर स्थित पैंटून पुल तक पहुंचने को बना संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। खतरे के संकेत के बाद भी यहां से आवागमन जारी है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही इसे दुरुस्त न किया तो कलान व मिर्जापुर जाने वालों की मुसीबतें और बढ़नी तय हैं।
खंडहर इलाके के लोगों की परौर तथा कलान क्षेत्र तक पहुंच आसान बनाने को बीते दो सालों से क्षेत्र के हैदलपुर घाट पर पीडब्ल्यूडी द्वारा पैंटून पुल का निर्माण करवाया जा रहा है। दो दिनों से नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से पुल तक एप्रोच मार्ग बनाने को लगाई गई बोरियां खिसक जाने से यह मार्ग धंस गया। पुल में लगे लोहे के पैंटून ऊपर उठ गए हैं। इससे यहां से आवागमन खतरनाक हो गया है।
बता दें कि कोलाघाट में बना पैंटून पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद ज्यादातर पैदल यात्री नाव से नदी पार कर कलान मिर्जापुर इलाके में पहुंच रहे हैं। जबकि चौपहिया व दोपहिया वाहन चालक उस क्षेत्र में जाने के लिए ज्यादातर हैदलपुर घाट होकर ही जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जल्द ही क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत कर उसे दुरुस्त न किया तब कलान इलाके तक पहुंचने को फर्रुखाबाद जनपद के राजेपुर होकर जाने के अलावा कोई और रास्ता न होगा।
पीडब्लूडी के जेई ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी है। संपर्क मार्ग में जो नुकसान हुआ है उसे तत्काल ठीक कराने के लिये ठेकेदार से कह दिया गया है।