अजीजगंज में हो रहे निर्माण कार्य का जायजा लेते एसडीए सचिव अजय कुमार त्रिपाठी। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) के नवनियुक्त सचिव अजय कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को अवर अभियंता व अन्य स्टाफ के साथ प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बगैर नक्शा पास कराए हो रहे निर्माण कार्याें को रुकवा दिया। हिदायत दी कि मानचित्र पास होने के बाद ही निर्माण कराया जाएगा। तीन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
एसडीए सचिव ने ककराकाकर कुंड, अजीजगंज, रहमाननगर उर्फ राईखेड़ा, जलालनगर बाहर चुंगी आदि में चल रहे कई अवैध निर्माण कार्यों को रुकवा दिया। ककरा में मीना देवी, अवनीश व अविनाश दुकानों का निर्माण करा रहे थे। नक्शा पास नहीं होने पर उनका निर्माण रुकवाया गया।
मजदूरों और मिस्त्री को मौके से हटा दिया गया। निर्माणकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी गई है कि किसी भी स्थिति में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे निर्माण नहीं होना चाहिए। अजीजगंज में संतराम सिंह भी दुकानों का निर्माण करा रहे थे। इनका भी निर्माण रुकवा दिया गया।
जलालनगर में शाहरुख निशा बिना नक्शा पास कराए आवास का निर्माण करा रहीं थीं। उनका निर्माण भी रुकवा दिया गया। टीम ने लोगों को प्राधिकरण में पंजीकृत मानचित्रकारों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए।
जो लोग अवैध निर्माण करा रहे थे, उनकाे चेतावनी दी गई है। इन लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। आगे ध्वस्त कराने और सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
- अजय कुमार त्रिपाठी, सचिव, एसडीए