रोजा में लखनऊ-पलिया हाईवे पर अंडरपास बनाने के लिए खोदाई करती जेसीबी मशीन। संवाद
रोजा। लखनऊ-पलिया हाईवे पर निर्माणाधीन बाइपास के लिए चौढ़ेरा गांव के पास अंडरपास बनाने का काम मंगलवार से शुरू हो गया। इसके लिए पहले चरण में जेसीबी से खोदाई कराई जा रही है।
इस हाईवे पर हरदोई बाइपास से दो किमी पहले रिलायंस पावर परियोजना के मैटेरियल गेट के सामने से एक नए बाइपास का निर्माण किया जा रहा है। यह बाइपास रिलायंस गेट से लखनऊ-दिल्ली हाईवे के बरेली मोड़ की ओर स्थित पुराने टोल टैक्स के पास निकलेगा।
इसका निर्माण कार्य राज कांस्ट्रक्शंस लिमिटेड (आरसीएल) कंपनी करा रही है। इसी बाइपास के किनारे एक ओर चौढे़रा व दनियापुर गांव और दूसरी ओर ग्रामीणों के खेत, खन्नौत नदी एवं गर्रा नदी का संगम और श्मशान घाट है।
गत छह मई को ग्रामीणों ने अंडरपास बनाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। उन्होंने मांग को लेकर जिलाधिकारी समेत कई उच्चाधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र भी दिए थे। ग्रामीणों ने अपने खेतों पर जाने और मवेशियों को ले जाने के लिए अंडरपास बनाने की मांग की थी।
सोमवार को दोपहर एनएचएआई के अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अंडरपास की मांग स्वीकार कर ली गई है। इसके साथ ही अंडरपास के लिए मिट्टी की खोदाई का काम शुरू कर दिया गया है।