फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: शफाखाना की जगह पर कागजों पर रुकवा दिया निर्माण, मौके पर जारी

विज्ञापन
पुवायां में शफाखाना की जगह पर निर्माण कार्य कर रहे श्रमिक और राज मिस्त्री। संवाद
विज्ञापन
पुवायां। पुवायां में राजीव चौक पर बंडा और खुटार रोड के बीच करोड़ों की कीमत की भूमि पर कब्जे की होड़ लगी हुई है। कई लोगों ने दस फुट जगह का आवंटन कराने के बाद 40-40 फुट जगह कब्जाकर दुकानें और मकान बना लिए हैं। अब यहां जिला पंचायत भी दुकानों का निर्माण करा रहा है, जबकि एसडीएम का कहना है कि निर्माण रुकवा दिया गया है। इसको लेकर शिकायत की गई है।
विज्ञापन

शफाखाना के नाम दर्ज जगह पर पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र था। बाद में सीएचसी कस्बे से बाहर की ओर बनाई गई तो उसकी जगह पर बना भवन आदि खाली छोड़ दिया गया था। धीरे-धीरे लोगों ने सरकारी भवन कब्जाया और बाद में खाली जगह पर भी कब्जा करना शुरू कर दिया। दो हाईवे के बीच होने के कारण जमीन की कीमतें आसमान छूने लगीं तो किसी भी तरह से कब्जा करने के लिए होड़ लग गई।
इस बीच कुछ लोगों ने जमीन को नजूल की बताते हुए रसीदें दिखाकर दुकान, मकान बनवा लिए तो कुछ लोगों ने जगह को जिला पंचायत से आवंटित बताते हुए कब्जा कर लिया। जिनके पास दस फुट जगह का आवंटन था, उन्होंने 40-40 फुट तक जगह कब्जा कर निर्माण करा लिया।
विज्ञापन

अब कुछ ही जगह खाली बची है, जिस पर जिला पंचायत की ओर से दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। मामले की शिकायत डीएम से कर शफाखाना की भूमि पर जिला पंचायत की ओर से दुकानों का निर्माण अवैध बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
राजस्व विभाग ने अधिकारियों को रिपोर्ट दी है कि भूमि राजस्व रिकाॅर्ड में शफाखाना के नाम दर्ज है। रिपोर्ट में यह भी लिखा गया है कि जिला पंचायत की ओर से दुकानों के निर्माण पर स्वामित्व संबंधी अभिलेख मांगे गए थे, लेकिन अभिलेख नहीं दिखाए गए हैं।

बृहस्पतिवार को भी जारी रहा निर्माण
पुवायां। कानूनगो की ओर से अधिकारियों को दी गई रिपोर्ट में यह भी लिखा है कि निर्माण रुकवा दिया गया है, लेकिन बृहस्पतिवार को भी निर्माण जारी रहा। बंडा और खुटार रोड पर तमाम दुकानें शफाखाना की भूमि पर पहले ही बन चुकी हैं, जो जिला पंचायत और नजूल आदि की रसीदों के बल पर बनाई गईं हैं।

लगाए जा चुके हैं लाल निशान
खुटार रोड पर शफाखाना की जगह पर बनाई गई दुकानें और मकान रोड चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे हैं। एनएचएआई की ओर से दुकानों और मकानों पर लाल निशान भी लगाए जा चुके हैं, इसके बाद भी निर्माण कार्य लगातार जारी है। कुछ लोगों ने दूसरी मंजिल तक निर्माण कराना शुरू कर दिया है।

जिस जगह जिला पंचायत दुकानें बनवा रहा है, वह शफाखाना के नाम दर्ज है। जिला पंचायत ने जगह पर अपना दावा किया है। दुकानों का निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -चित्रा निर्वाल, एसडीएम पुवायां

जमीन पर जिला पंचायत का स्वामित्व है। इसलिए पुरानी दुकानों को तोड़कर नए सिरे से बनाया जा रहा है। इनका निर्माण पूरा होने के बाद ऑनलाइन प्रक्रिया से लोगों को आवंटित की जाएगी। - ममता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें