शाहजहांपुर। दुष्कर्म पीड़ित छात्रा के समर्थन में न्याय यात्रा के लिए उतरे कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर जब उन्हें पुलिस लाइन स्थित अस्थायी जेल पहुंचाया गया तो यहां भी उनका जोश ठंडा नहीं हुआ। कांग्रेसी नारे लगा रहे थे कि नारी के सम्मान में, कांग्रेस मैदान में, पुलिस प्रशासन खाना दो-खाना दो, भूखे हैं खाना दो। इसके बाद कांग्रेसियों ने कैंटीन से चाय-समोसे का नाश्ता कर भूख शांत की, वहीं पीलीभीत के कांग्रेसी साथ में खाने के पैकेट लेकर आए थे।
कांग्रेसियों की टाउन हाल स्थित कार्यालय से गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस लाइन स्थित अस्थाई जेल ले जाया गया। इसके बाद बरेली के पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन बरेली एनएसयूआई के अध्यक्ष पारस शुक्ला, सुरेश चंद्र गुप्ता, देवपाल सिंह, वसीम अकरम, रमेश चंद्र देवल, सतीश सैनी, कुमुंद गंगवार, पूर्व विधायक मुजफ्फरनगर, प्रमोद अग्रवाल आदि कांग्रेसियों को रोडवेज बस स्टैंड के पास रोकर उन्हें सीधे पुलिस लाइन स्थित अस्थाई जेल पहुंचाया गया। इधर, फर्रुखाबाद से मृत्युंजय शर्मा, कौशलेंद्र यादव, राजेश पाठक, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष दीप्ती सिंह सहित अन्य कांग्रेसी उत्साह में थे। उनका कहना था कि योगी सरकार दुष्कर्म के आरोपी चिन्मयानंद को बचाने का काम कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार ढोंग कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता नारा लगा रहे थे कि नारी के सम्मान में, कांग्रेस मैदान में। इसके बाद सुबह दस बजे से दोपहर 2:30 बजे तक अस्थाई जेल में जब कांग्रेसियों को खाने को नहीं मिला तो प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन खाना दो-खाना दो, भूखे हैं खाना दो-खाना दो। इसके बाद कांग्रेसियों ने कैंटीन से चाय-समोसे का नाश्ता कर भूख शांत की, वहीं पीलीभीत के कांग्रेसी साथ में खाने के पैकेट लेकर आए थे।