मोहम्मद अहमद का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला मामूड़ी निवासी 70 वर्षीय मोहम्मद अहमद मोहनगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आने से घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वह कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी के पिता थे।
बुधवार सुबह मोहम्मद अहमद रेलवे क्रॉसिंग के पास लगने वाली बाजार में सब्जी खरीदने के लिए गए थे। वह रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंच गए। इस बीच मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आकर गंभीर रूप घायल हो गए। लोको पायलट की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर फुरकान अहमद कुरैशी भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज गए। वहां उपचार के दौरान दोपहर करीब ढाई बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फुरकान के अनुसार, करीब दो महीने पहले भी उनके पिता पर सांड़ ने हमला कर घायल कर दिया था। उनकी मां का इंतकाल पूर्व में हो चुका है।
निधन की सूचना पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, महामंत्री गौरव त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खां आदि ने पहुंचकर शोक जताया।