कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री पर कसे तंज, कहा-देश में आर्थिक आपातकाल के हालात
बृहस्पतिवार को नगर की बिहारी जी वाटिका में आयोजित कांग्रेस के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में नोटबंदी का मुद्दा छाया रहा। संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारी पर चर्चा के बजाय पदाधिकारी पूरे समय नोटबंदी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को कोसते रहे। पार्टी के जिलाध्यक्ष का पूरा भाषण इसी मुद्दे पर केंद्रित रहा।
जिलाध्यक्ष कौशल मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस संवेदनहीन निर्णय ने देश में आर्थिक आपातकाल का माहौल कायम कर दिया है। किसान और व्यापारी से लेकर समाज के हर तबके का आदमी बुरी तरह परेशान है। उन्होंने पहले इस सम्मेलन का उद्देश्य बूथ स्तर के हर कार्यकर्ता से संवाद कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा करना बताया, लेकिन बाद में उनके भाषण के केंद्र में नोटबंदी का मुद्दा आ गया जो आखिर तक कायम रहा। इससे पूर्व पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी अनुज गंगवार, पार्टी के सेवा दल विंग के जिलाध्यक्ष अतित गुप्ता, पूर्व जिला महासचिव सुनील भारद्वाज, आसिफ अली समेत कई वक्ताओं ने संबोधन किया।
जिला पंचायत सदस्य सदस्य इंद्रासनी यादव ने क्षेत्र के विकास और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। कहा, कांग्रेस ही गरीब और किसानों की सच्ची हितैषी है। कार्यक्रम में महिला विंग की जिलाध्यक्ष शारदा थापा, भूपेंद्र प्रताप सिंह, गोपाल मोहन द्विवेदी, रामू अग्निहोत्री, तनवीर अली, विनोद चंद्र शर्मा, कुमुद गंगवार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरजपाल सिंह ने की।