बंडा। थाने के गेट के सामने जहरीला पदार्थ खाने वाली महिला की हालत में अब काफी सुधार बताया गया है।
गांव सिंघापुर कुरसंडा निवासी रामखिलावन की पुत्री सोनी देवी ने करीब आठ वर्ष पहले पुवायां थाना क्षेत्र के एक शादीशुदा युवक नमः शिवाय से शादी की थी। उसके तीन बच्चे हैं। सोनी देवी का आरोप है कि पति और उसकी पहली पत्नी उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। उसने 17 जून को करीब नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।
आरोप है कि जब भी वह ससुराल जाती, उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया जाता था। बुधवार को सोनी देवी हिस्सा दिलाने की मांग को लेकर थाने पहुंची थी। पुलिस से कार्रवाई की मांग पूरी न होने पर उसने थाने के गेट के सामने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत में सुधार बताया गया है। संवाद