शाहजहांपुर। रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में तैनात पीटीआई (फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर) ने प्रेमिका से शादी करने में आनाकानी की तो उसने एसपी से शिकायत कर दी। एसपी ने तेवर सख्त किए तो महिला थाना परिसर में पीटीआई ने प्रेमिका के साथ शादी कर ली।
हरदोई जिले की रहने वाली एक युवती कई साल से पीटीआई के संपर्क में थी। पीटीआई ने शादी का वादा किया था। छह माह से पीटीआई का रवैया प्रेमिका के लिए बदलने लगा। जब भी युवती पीटीआई से शादी के लिए कहती तो वह टालमटोल करने लगता। युवती ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने बात नहीं की।
मजबूर होकर युवती ने एसपी सौरभ दीक्षित से मुलाकात की। उन्हें व्यथा बताई। एसपी ने महिला की बात सुनकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पीटीआई को बुलाकर बातचीत की गई। शादी से इन्कार करने का कारण पूछा। इसके बाद पीटीआई शादी करने के लिए तैयार हो गया। शनिवार दोपहर महिला थाना परिसर में बने मंदिर में दोनों ने शादी कर ली।