शाहजहांपुर। विधान परिषद के पीलीभीत-शाहजहांपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को जिन उम्मीदवारों ने नामांकन कराया, उन्हें बृहस्पतिवार को नाम वापस लेने का मौका दिया गया। हालांकि, इसकी नियत अवधि दिन में 11 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। अब चुनाव मैदान में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुधीर गुप्ता और सपा उम्मीदवार अमित यादव रिंकू के अलावा दो अन्य निर्दलीय बचे हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा-सप के बीच ही होने का अनुमान है।
बीते सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुधीर गुप्ता ने नाम निर्देशन पत्र के तीन सेट और वर्तमान एमएलसी एवं सपा प्रत्याशी अमित यादव रिंकू ने दो सेट जमा किए थे। इनके अलावा डॉ. सुधीर की पत्नी डॉ. शालिनी, निगोही क्षेत्र के गांव धुल्लिया निवासी नाजमा बेगम और मदनापुर क्षेत्र के गांव पेहना निवासी विश्व दीपक ने रिटर्निंग अधिकारी (आरओ)/डीएम उमेश प्रताप सिंह के समक्ष नामांकन पत्र का एक-एक सेट जमा किया था।
अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच में डॉ. शालिनी का पर्चा खारिज हो गया, क्योंकि उनके पर्चे में एक प्रस्तावक की भाग संख्या का क्रमांक गलत पाया गया। 19 मार्च को होली अवकाश घोषित हो गया था। इसलिए, राज्य निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर नाम वापसी की तिथि 23 मार्च से बढ़ाकर 24 मार्च नियत की गई। माना जा रहा था कि उच्च सदन के चुनावी परिदृश्य से हटने के लिए निर्दलीय उम्मीदवार अपने पर्चे वापस ले सकते हैं, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। रिटर्निंग अधिकारी/डीएम उमेश प्रताप सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी आदि अधिकारी दिनभर आरओ कक्ष में मौजूद रहे, लेकिन वहां कोई प्रत्याशी नहीं पहुंचा। एडीएम प्रशासन के अनुसार निर्धारित अवधि तक किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।