कक्षा नौ और ग्यारह के अग्रिम पंजीकरण फार्म आनलाइन भरने समेत स्कूल-कॉलेजों में चल रहीं तमाम योजनाओं की प्रगति जानने और उनका समय से क्रियान्वयन करने के लिए डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों की बैठक ली। डीआईओएस ने योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन नहीं करने वाले प्रधानाचार्यों को आगाह किया कि वह किसी भी कार्य में लापरवाही नहीं करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा तथा ईमानदारी से करें।
इस्लामिया इंटर कॉलेज में हुई बैठक में डीआईओएस कमलाकर पांडेय ने प्रधानाचार्यों को बताया कि अब स्कूल-कॉलेजों का रख-रखाव, साज-सज्जा, शिक्षकों-शिक्षार्थियों की उपस्थिति, छात्रों का पंजीकरण समेत समस्त कार्य ऑनलाइन किए जाएंगे। इसलिए प्रधानाचार्य सचेत होकर काम करें। शैक्षिक सत्र 2017 की बोर्ड परीक्षा के लिए कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण का काम शुरू नहीं करने वालों पर डीआईओएस ने खासी नाराजगी जताई और तत्काल कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र का पंजीकरण नहीं हो पाता है तो उसके लिए प्रधानाचार्य सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
इसके अलावा कन्या विद्याधन, छात्रवृत्ति, इंस्पायर अवार्ड, यूनिफार्म और एमडीएम वितरण, क्रीड़ा शुल्क जमा करने आदि एजेंडे पर भी चर्चा हुई। मोहम्मद आमीन के संचालन में हुई बैठक में मेजबान कॉलेज के प्रधानाचार्य सैयद जुबैर अब्दुल कादिर ने आभार जताया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. केके शुक्ला, जीआईसी प्रधानाचार्य रणवीर सिंह, जीजीआईसी प्रधानाचार्य वंदना यादव आदि प्रधानाचार्य मौजूद रहे।