शाहजहांपुर। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों से होकर आ रही उत्तर-पश्चिम दिशा की ठंडी हवाएं शीतलहर बनकर सर्दी बढ़ा रही हैं। शाम से बादल छाए रहने और रात में कोहरा छाने के साथ पाला गिरने से न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री लुढ़ककर छह डिग्री सेल्सियस रह गया। शुक्रवार दोपहर बाद धूप में तेजी आने पर अधिकतम तापमान 5.9 डिग्री बढ़कर 19.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे ठिठुरन से बेहाल जनजीवन को थोड़ी राहत मिली, लेकिन धूप की गरमाहट पर शीतलहर हावी रही।
गत चार दिन से वायुुदाब सामान्य से अधिक रहने के बावजूद शाम से अगले दिन सूर्योदय के दो घंटे बाद तक आसमान बादलों से घिरा रहता है। पहाड़ों से होकर आ रही ठंडी हवा अपने साथ नमी लेकर आ रही है। धूप कम निकलने से वायुमंडल में घुली नमी कम नहीं हो रही। इस वजह से आर्द्रता का स्तर 82 से 98 प्रतिशत के बीच झूल रहा है जबकि हवा में इतनी नमी आमतौर पर बारिश या बूंदाबांदी के बाद होती है। यही आर्द्रता शाम से कोहरा में बदल जाती है। ठंडी हवा चलने पर कोहरा जमी हुई बर्फ के कणों की तरह पाले के तौर पर दिख रहा है और इसीलिए रात से सुबह तक ठिठुरन बढ़ी है।
मौसम विशेेषज्ञ भी मानते हैं कि धूप की कमी से वातावरण में व्याप्त नमी की वाष्पन प्रक्रिया भी शिथिल पड़ गई है। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेेषक सुरेंद्र सिंह के अनुसार बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से अधिक होना इस बात का सूचक है कि अभी पश्चिमी विक्षोभ अगले कुछ दिन तक प्रभावी रहेगा। इस वजह से दिन में धूप निकलेगी, लेकिन रात में कोहरा और पाला के प्रभाव से शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा और इस वजह से अभी रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।