तिलहर। मौजमपुर निवासी बसपा नेता सत्यभान सिंह की मौत के मामले में शुक्रवार को सीओ सदर प्रयांक जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वादी से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए। वहीं, बसपा नेता की मौत गिरने के बाद हुए सदमे से होने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट में ऐसी कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
मृतक की पत्नी रेखा देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उनके बेटे अभिषेक के खिलाफ हत्या की कोशिश की धारा में अमन शुक्ला, पिंकी शुक्ला, रमनपाल, रामगोपाल निवासी मोहल्ला निजामगंज की ओर से झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया था। मंगलवार शाम तिलहर थाने के दरोगा राहुल सिसौदिया अपने एक अन्य साथी के साथ घर के अंदर घुस आए। बेटे अभिषेक के बारे में पूछते हुए जातिसूचक गालियां दीं।
छत पर जाकर पति सत्यभान को लात-घूंसों से पीटते हुए धक्का दे दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले का मौत से पूर्व का मृतक का वीडियो भी वायरल हुआ। सीओ सदर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वादी के बयान लिए गए हैं। वहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सत्यभान के कूल्हे में चोट आई है। आशंका जताई गई है कि सदमे के कारण उनकी जान गई है। संवाद