पुवायां सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ। संवाद
पुवायां। सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने सीएचसी और मैटरनिटी विंग का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले डॉ. सुशील कुमार और बीसीपीएम पूजा वर्मा का स्पष्टीकरण लेने और अगले आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने पहले मैटरनिंटी विंग का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्रपाल से सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। बोले- रोगियों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं और अच्छा व्यवहार किया जाए। सीएचसी का निरीक्षण करने के दौरान सीएमओ ने निर्देश दिए कि पर्चा बनवाने के लिए महिला, पुरुष और दिव्यांगजनों की अलग-अलग लाइन लगवाई जाए। वार्ड आया राधा देवी के सेवानिवृत्त होने पर आयोजित विदाई समारोह में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कागजात नहीं मिलने पर भी लैब को नहीं किया सील
पुवायां। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्रपाल ने 28 जून को कस्बे में शाहजहांपुर रोड स्थित एक पैथॉलोजी लैब का मुआयना कर लैब से संबंधित कागजात न मिलने पर बंद करा दिया था। लैब को सील नहीं किया गया था। संचालक ने कुछ ही घंटे बाद लैब को खोल दिया। सोमवार को भी लैब पर रोगियों की जांचें की गईं। अधीक्षक ने बताया कि लैब फिर से खाेली गई है तो संचालक काे नोटिस जारी किया जाएगा और जवाब मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद