शाहजहांपुर। पूर्वांचल में बृहस्पतिवार रात पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आए आंधी-तूफान का असर शुक्रवार को यहां भी दिखा। सुबह से दोपहर बाद तक बादल छाए रहने और तेज पछुआ हवा चलने से न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री घटकर 20.3 डिग्री हो गया, लेकिन दिन में धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री घटकर 33.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। शुक्रवार को सुबह ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ थोड़ी देर के लिए बारिश की फुहारें भी गिरीं।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पूर्वांचल में तेज आंधी और बारिश के कारण जनपद के मौसम में भी बदलाव आया है। दिन में 22 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से आठ अंक अधिक हो गया है। इस कारण शनिवार को सुबह से तेज हवा चलेगी। इस दौरान बादल भी छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है। संवाद