कांट। विकास खंड के अभायन गांव में वायरल बुखार के बढ़ते मामलों और गंदगी की समस्या को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को गांव में सफाई अभियान चलाकर रास्तों और गलियों में जमा गंदगी हटाई गई। गांव में तीन दिन चिकित्सा शिविर भी लगेगा।
विज्ञापन
गांव में पिछले कई दिनों से वायरल बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। कई परिवारों के सदस्य बुखार की चपेट में हैं। कुछ लोग निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर सीएमओ डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने एसीएमओ डॉ. पीपी श्रीवास्तव और सीएचसी कांट के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इरफान के साथ गांव का निरीक्षण किया।
उन्होंने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। जिला मलेरिया अधिकारी और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक औषधियां व अन्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।