शाहजहांपुर के खुदागंज में बाइक फिसलने के बाद खेतों में लगे ब्लेड वाले तार से बालक की गर्दन कटने से मौत हो गई। बाइक चालक भी घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव सूथा निवासी भवगत सरन पाल का 12 वर्षीय बेटा विकास मंगलवार शाम अपने दोस्त विक्रम के साथ बाइक से खुदागंज जा रहा था। बाइक विक्रम चला रहा था। शाम करीब पांच बजे गांव से लगभग ढाई सौ मीटर दूर मंदिर के पास किसी तरह बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। दोनों खेत में गोवंशीय पशुओं से फसलों को बचाने के लिए लगाए गए ब्लेड वाले तार की चपेट में आ गए।
ब्लेड वाला तार विकास के गले में लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव के लोग पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। विकास चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां गिरजा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।