शाहजहांपुर। शहर की अंजान चौकी- अंटा चौराहा मार्ग पर लीकेज होने की वजह से अंदर ही भर रहे पानी के कारण सड़क धंस गई थी। इसके साथ ही लोगों के घरों में पानी की सप्लाई भी बंद हो गई। कई जगह पर लीकेज की ठीक कर दिया गया। बृहस्पतिवार को भी लीकेज मिलने पर उनको ठीक किया गया। घरों में पानी की सप्लाई तीसरे दिन भी बाधित रही।
मोहल्ले में रहने वाले इरशाद ने बताया कि उनके साथ ही किसी के घर में बृहस्पतिवार को भी पानी नहीं आया। शोएब ने बताया कि पिछले तीन दिनों से टंकी का पानी नहीं मिल रहा है। पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई के दौरान लापरवाही बरते जाने के कारण ही पुरानी लाइन क्षतिग्रस्त हुई और घरों में होने वाली पानी सप्लाई बाधित हो गई। जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि जलापूर्ति की लाइनों को ठीक कराने का काम जारी है। जल्द ही पानी की सप्लाई चालू करवा दी जाएगी।
-
अंटा चौराहे पर कई बार लगा जाम
अंजान चौकी- अंटा चौराहा मार्ग पर साइड से हल्के वाहन निकलते रहे। बृहस्पतिवार को अंजान चौकी चौराहे पर दिनभर जाम की स्थिति रही। थोड़ी दूरी पर सीवर लाइन खोदाई के पास तो होमगार्ड नजर आए लेकिन चौकी के सामने के यातायात को नियंत्रित करने वाला कोई नजर नहीं आया।