फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कटरा-बिल्हौर हाईवे : 33 किमी लंबी सड़क पर सैकड़ों गड्ढे

विज्ञापन
शाहजहांपुर के मदनापुर कसबा में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर गड्ढों में बारिश का पानी भरने से तालाब में ब - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा से मदनापुर और जलालाबाद होते हुए फर्रुखाबाद के रास्ते बिल्हौर (कानपुर) तक जाने वाले हाईवे का बारिश में बुरा हाल हो गया है। सड़क पर गड्ढे हो गए हैं तो कहीं बजरी-कोलतार की ऊपरी परत उखड़ रही है। मदनापुर के पास जलभराव से सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा गायब हो चुका है। इसी हाईवे पर अंग्रेजों के जमाने में निर्मित सिंगल लेन की डॉट वाली पुलिया चौड़ी नहीं किए जाने से वहां भी यातायात में रुकावट पड़ रही है। अल्हागंज से हुल्लापुर चौराहे तक गड्ढों को भरने के लिए बजरी-कोलतार के लगाए गए पैबंद भी बरसात में भारी वाहनों के दबाव से उखड़ रहे हैं। इससे बरेली-कानपुर के बीच सफर करने वालों को कटरा से जलालाबाद तक 33 किमी की दूरी तमाम रुकावटों का सामना करते हुए पूरी करनी पड़ रही है।
विज्ञापन

इस हाईवे को दो वर्ष पहले राजकीय राजमार्ग (स्टेट हाईवे) से नेशनल हाईवे का दर्जा मिलने के बाद फोरलेन बनाया जाना है, लेकिन एनएचएआई के अधिकारी तभी से इस हाईवे की उपेक्षा कर रहे हैं। इस कारण हाईवे की मौजूदा डबल लेन भी चलने लायक नहीं है। गत वर्ष प्रशासन के हस्तक्षेप करने पर एनएचएआई के अधिकारियों ने रामगंगा पुल से लेकर हुल्लापुर चौराहा होकर अल्हागंज तक गड्ढों से छलनी हुए रोड को ठीक कराया, लेकिन इस काम को मानक के अनुरूप नहीं किए जाने से सड़क की बजरी फिर से उखड़ने लगी है।
इसी तरह जलालाबाद के याकूबपुर तिराहा पर हाईवे की ऊपरी परत उखड़ चुकी है और वहां वाहनों के लेन बदलने से अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं।
-
मदनापुर र्में इंटों से कर दिया गड्ढों का भराव
मदनापुर। बारिश में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर कस्बे के मुख्य बाजार में जूनियर हाईस्कूल से लेकर तिराहा तक करीब 100 मीटर मार्ग गत वर्ष बारिश में खराब हो गई थी। इन्हीं गड्ढों में हुए जलभराव में वाहनों के फंसने से जाम लगना शुरू हुआ तो एनएचएआई के ठेकेदार ने गड्ढा पत्थर-गिट्टी से पाट दिया, लेकिन उस पर बजरी-कोलतार का लेपन कराने के बजाय सड़क के समानांतर ईंटें बिछाकर खड़ंजा डाल दिया। अब वहां से थोड़ा आगे कांट तिराहा तक रोड खराब हो रहा है। दरअसल, हाईवे पर बिछाए गए खड़ंजे के आगे रोड का तल नीचा होने से घरों का गंदा पानी बह रहा है, जिससे दोबारा गड्ढे होने लगे हैं।
विज्ञापन

यहां से बरखेड़ा जयपाल गांव तक रोड की हालत कमोबेश ठीक है, लेकिन कटरा की तरफ चंदोखा और बन्नू नगरिया गांव तक मार्ग बेहद जर्जर होने से वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत हो रही है और आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रहीं हैं। गत सप्ताह इसी गड्ढे में वाहन फंसने से जाम लग चुका है। संवाद
-
सिंगल लेन की बझेड़ा पुलिया से लग रहा जाम
जलालाबाद से दो किमी अल्लागंज की तरफ स्थित बझेड़ा वाली पुलिया संकरी होने के साथ ही काफी जीर्ण-शीर्ण हालत में है। आवागमन के लिहाज से काफी खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी यह पुलिया आए दिन जाम लगने का कारण बन जाती है। आम यातायात के अलावा सामरिक दृष्टि से भी इस हाईवे का महत्व है क्योंकि आगरा और फतेहगढ़ जैसी महत्वपूर्ण सैन्य छावनियों से बरेली की छावनी तक होने वाला सेना का मूवमेंट सीधे तौर पर हाईवे की इसी पुलिया से होकर होता है।
बरेली से मध्य प्रदेश व राजस्थान प्रांतों तक आवागमन के लिए भी लोग हाईवे की इसी पुलिया से होकर निकलते हैं। ट्रैफिक के भारी दबाव को देखते हुए ब्रिटिश काल में बनी सिंगल लेन वाली यह पुलिया अब अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है। पुलिया की साइड रेलिंग टूट चुकी है और उसका निचला हिस्सा भी कई बार टूट चुका है, लेकिन हर बार मरम्मत कर काम चला दिया जाता है। पुलिया के दोनों साइड रोड पर ट्रैफिक कंट्रोल को बनाए गए स्पीड ब्रेकर भी बरसात में टूट गए हैं। संवाद
-
अल्हागंज के पास फिर उखड़ने लगी सड़क
अल्हागंज। यह मार्ग जब से नेशनल हाईवे घोषित किया गया, लोक निर्माण विभाग ने हाईवे के रखरखाव से अपना पल्लू झाड़ लिया। गत वर्ष नवरात्र से पहले चलाए गए गड्ढा मुक्त अभियान के दौरान रामगंगा पुल से हुल्लापुर चौराहा होते हुए जलालाबाद तक गहरे हो चुके बड़े गड्ढों को भर दिया गया, लेकिन छोटे गड्ढे छोड़ दिए गए।
दुर्घटनाएं होने पर कई दो पहिया वाहन चालकों और ग्रामीणों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा तो गड्ढों को समतल कराया गया, लेकिन देखरेख की कमी के कारण मानसून सीजन में जगह-जगह फिर से गड्ढे बनने लगे हैं। हुल्लापुर चौराहा से लेकर राज किराया, चिलौआ, कोयला, गोरा, ठिंगरी आदि गांवों के सामने गड्ढों का भराव सिर्फ दिखावे को किया गया है। इस कारण सड़क फिर से उखड़ रही है। संवाद
-
मंगलवार को हुई बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर ऐसे स्थान चिह्नित कर लें जहां गड्ढों या फिर संकरी पुलिया की वजह से यातायात बाधित हो रहा है। ऐसे सभी स्थानों पर जरूरी कार्य जल्द कराए जाएंगे। मदनापुर और उसके आसपास कटरा-बिल्हौर हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी शीघ्र कराई जाएगी।
विज्ञापन

-रामसेवक द्विवेदी, एडीएम प्रशासन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें