शाहजहांपुर। ग्राम उपवन योहना के तहत वन विभाग की ओर से सदर रेंज के गांव धन्यौरा में 35 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर फलदार, शोभादार और व्यावसायिक समेत कुल 38,500 पौधे लगाए गए हैं। इन वृक्षों से होने वाली आय की रकम ग्राम निधि के खाते में जमा की जाएगी।
डीएफओ आदर्श कुमार ने बताया कि सदर रेंज के गांव धन्यौरा में ग्राम समाज की भूमि पर कुछ लोगों का अवैध कब्जा था। डीएम व एसडीएम सदर ने अवैध कब्जा हटवाने के बाद 35 हेक्टेयर में वन विभाग ने पौधरोपण कर दिया। इस जमीन को सात हिस्सों में बांटा गया। इसे ग्राम उपवन का नाम देकर आम, जामुन, अमरूद आदि फलदार शीशम, सागौन, यूकेलिप्टस, जंगल जलेबी, केसिया, बालम खीरा, तुलसी, हल्दी आदि के 38,500 पौधे लगाए गए हैं।
डीएफओ ने बताया कि तीन वर्षों तक इन पौधों का संरक्षण वन विभाग करेगा। इनके बाद इस उपवन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंप दी जाएगी। वृक्षों से होने वाली आय में से तीन वर्षों तक संरक्षण किए जाने का खर्च वन विभाग लेगा तथा अन्य आय ग्राम निधि खाते में जमा कराई जाएगी। इससे ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्यों में ग्राम उपवन का भी सहयोग मिलेगा।
नदी का कटान रोकने के लिए लगाए बांस के पौधे
ग्राम पंचायत धन्यौरा में जहां ग्राम उपवन की स्थापना की गई है वहीं बगल में नदी बहती है। इससे नदी के किनारे बांस के पौधे लगाए गए हैं। डीएफओ आदर्श कुमार ने बताया कि बांस की जड़ें गहराई में न जाकर मिट्टी की ऊपरी सतह पर फैलती हैं और मजबूत पकड़ बनाते हुए मिट्टी को जकड़े रहती हैं। ऐसे में कटान की संभावना कम हो जाती है।
ग्राम उपवन से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्राम पंचायतों की आय में भी वृद्धि होगी। प्रथम प्रयास के तौर पर ग्राम धन्यौरा में उपवन की स्थापना की गई है। कोशिश की जाएगी कि अन्य स्थानों पर भी ग्राम उपवन को स्थापित किया जाए। इसके लिए जगह को चिह्नित भी किया जा रहा है।
आदर्श कुमार, डीएफओ, शाहजहांपुर।