फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खाद्य सुरक्षा टीम का किराना की दुकान पर छापा, नमूने लिए

विज्ञापन
विज्ञापन
पुवायां (शाहजहांपुर)। मैक्रोनी खाने से छापाबोझी गांव के शंकरलाल और उनके बेटे रजनीश की मौत का मामला अखबारों में छपने के बाद सोमवार को खलबली मची रही। पुवायां एसडीएम ने झापाबोझी गांव जाकर मृतक शंकरलाल की पत्नी से पूछताछ की। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नरोठा गांव जाकर उस दुकान पर छापा मारा, जिससे मैक्रोनी खरीदी गई थी। टीम ने खाने-पीने की चीजों के सैंपल भी लिए।
विज्ञापन

खुटार ब्लॉक के ग्राम छापाबोझी निवासी शंकरलाल, उनकी पत्नी और बेटे-बेटियों की सात जुलाई को मैक्रोनी खाने से तबीयत बिगड़ गई थी। वहीं पड़ोस के नरोठा गांव में झोलाछाप के यहां इलाज के दौरान शंकरलाल की मौत हो गई थी। बावजूद इसके झोलाछाप परिवार के बाकी लोगों का इलाज करता रहा। सही इलाज न होने से शंकरलाल के बेटे रजनीश रविवार को जिला अस्पताल में हुई थी। मैक्रोनी खाने से पिता-पुत्र की मौत की घटना अखबारों की सुर्खियां बनी तो प्रशासन में खलबली मच गई।
सोमवार सुबह पुवायां एसडीएम सतीश चंद्रा पुलिस के साथ छापाबोझी गांव जा पहुंचे। एसडीएम ने शंकरलाल की पत्नी ऊषा देवी से घटना की पूरी जानकारी ली और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। एसडीएम ने शंकरलाल के पुत्र विशाल और पुत्री किरन को अपनी गाड़ी से सीएचसी भिजवाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार को दोनों बच्चों का उचित इलाज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने रजनीश का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन

इस बीच वहां पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी जयपाल सिंह से पिछले छह माह में पुवायां तहसील क्षेत्र में लिए गए सैंपल की जानकारी ली, लेकिन खाद्य सुरक्षा अधिकारी कोई जानकारी नहीं दे सके। एसडीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नरोठा गांव जाकर रिजवान किराना स्टोर छापा मारा, जो बंद मिला। टीम ने दुकान खुलवाकर हल्दी, नमक, सोयाबीन सरसों के तेल, मसाले, बेकिंग पाउडर आदि के सैंपल लिए। दुकान में नमक एक्सपायरी डेट का मिला, जिसे नष्ट करा दिया गया। इससे पहले रविवार रात सुरक्षा विभाग की टीम ने छापाबोझी गांव जाकर शंकरलाल के घर बची मिली मैक्रोनी के नमूने लिए थे।
नरोठा में बंद रहीं दुकानें
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे स्थित नरोठा गांव में 50 के करीब दुकानें होंगी। वहां सोमवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। सोमवार को नरोठा गांव की सभी दुकानें बंद रहीं। साप्ताहिक बाजार में केवल सब्जी की दुकानें लगीं। बाकी दुकानदार गायब रहे।
पुवायां में पांच जगह बिकता है मिलावटी सरसों का तेल
पुवायां। पुवायां कस्बे में पांच स्थानों पर मिलावटी सरसों तेल पैकिंग करके नामचीन कंपनियों का लेबल लगाकर बेचा जा रहा है। मिलावटी तेल के धंधेबाजों ने नगर में ही गोदाम बना रखे हैं।
पुवायां में दो स्थानों पर बने गोदामों में राइस ब्रान (चावल की पालिश) में केमिकल और पोस्टर कलर मिलाकर सरसों का तेल तैयार किया जाता है। इन गोदामों में भूमिगत टैंक बने हैं, जिनमें राइस ब्रान एकत्र किया जाता है। टैंक में केमिकल और कलर मिलाकर मिलावटी तेज पीपों में भरने के बाद किसी नामचीन कंपनी का लेबल लगाकर नगर में पांच जगहों पर दुकानों में स्टाक किया जाता है। इसके बाद मिलावटी तेल खुटार, बंडा और पुवायां में देहात की दुकानदारों को सप्लाई कर दिया जाता है। खास बात यह है कि पुवायां में बन रहे घटिया सरसों तेल के पीपा पर लगे रैपर पर लखीमपुर का पता लिखा रहता है। जायकेदार सरसों तेल में राइस ब्रान तेल की मिलावट कर लाखों रुपये का सीधा मुनाफा कारोबारी करते हैं। रैपर की चमक दमक ऐसी होती है कि उपभोक्ता को जरा सा शक भी नहीं होता। राइस ब्रान तेल में पीला रंग डालकर इसे सरसों के तेल जैसा तैयार किया जाता है फिर सरसों वाली खुशबू के लिए एसेंस डाल दिया जाता है। हानिकारक एसेंस लीवर और किडनी के लिए घातक है।
आरोपी झोलाछाप पर कोई कार्रवाई नहीं
पुवायां। शंकरलाल और उनके बेटे रजनीश की मौत के बाद सोमवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. लक्ष्मण प्रसाद छापाबोझी गांव जा पहुंचे और घटना की जानकारी करने के बाद लौट गए। नरोठा गांव और आसपास के इलाकों में बैठे झोलाछाप के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्राम नरौठा से लेकर बाबा चौराहा और गांव कढ़ैया तक एक किलोमीटर के दायरे में दो दर्जन से अधिक झोलाछाप बैठते हैं। शंकरलाल और उनके पुत्र रजनीश की मौत का जिम्मेदार झोलाछाप को माना जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक झोलाछाप परिवार के सभी लोगों को ठीक करने का वायदा करता रहा। सही इलाज न मिलने रजनीश की जान भी चली गई। डिप्टी सीएमओ के इलाके में जाने के बावजूद झोलाछाप के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मैं रविवार रात में मौके पर गया था। बची हुई मैक्रोनी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। नरौठा के रिजवान किराना स्टोर से सैंपल लिए गए हैं। यहां मिला एक्सपायरी डेट का नमक नष्ट करा दिया गया। - जयपाल सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, शाहजहांपुर
रजनीश का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मामले की जांच कराई जाएगी। परिवार की स्थिति देखते हुए हर संभव मदद कराई जाएगी। - सतीश चंद्रा, एसडीएम पुवायां
फूड प्वायजनिंग से दो लोगों की मौत हुई है। मौके पर जाकर जांच की है। परिवार के लोगों ने झोलाछाप का नाम पता नहीं बताया है। नरौठा में मेडिकल स्टोर बंद थे। कोई शिकायत मिलती हैं तो कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. लक्ष्मण सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें