शाहजहांपुर। गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। जलालाबाद क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण का 90 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। बाकी कार्य पूरा करने के लिए दो मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
कोरोना काल में रुकावट आने के बाद शासन स्तर से गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण को लेकर दोबारा मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है। एक्सप्रेस-वे जिले के तिलहर, सदर और जलालाबाद तहसील क्षेत्र से होकर गुजरेगा। जहां जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा है। इसके लिए एसडीएम सौरभ भट्ट व कलान तहसीलदार अजय यादव को लगाया गया है। उनके सहयोग के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रभाकर त्रिपाठी व राकेश सिंह को भी तैनात किया गया है।
जलालाबाद तहसील क्षेत्र के जिन 27 गांव से होकर यह एक्सप्रेस-वे निकलेगा वहां विभिन्न काश्तकारों की जमीन की रजिस्ट्री कराने के चल रहे कार्य को 90.05 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। चौकी आजमपुर, उजेरा व बड़ोदरा गांव में जमीन खरीद का कार्य शत प्रतिशत पूरा हो चुका है जबकि हारचचोरा तथा मोहनिया गांव में भी जमीन खरीद का काम पूरा होने के करीब है। तहसीलदार अजय यादव ने बताया कि कुछ जगह दाखिल खारिज, संशोधन या कोर्ट में लंबित मामले हैं उनका परीक्षण करवाकर सुलझाने का काम तेजी से चल रहा है।
जलालाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम चौरा खुर्द, करनापुर, उजेरा, ननियुरा, बढोखर, बिरियाकलां, कुनिया चचोरा, डरी ग़ुलाऊ, गिरधरपुर,हारचचोरा, लेही, नगला नाथ, चमरपुर खुर्द, पीरू, खूंटा, चक बिरिया, नगला ताल्लुके खंडहर, गुलड़िया, चौकी आजमपुर, सरखंडा, चमरपुर कलां, जिगनेरा, कुईंया, हैजनरे,दियुरा, ढका और सिकंदरपुर से होकर गंगा एक्सप्रेस-वे गुजरेगा।
एक्सप्रेस-वे के किनारे बनेंगे छह हेलीपैड
एक्सप्रेस-वे किनारे जनपद शाहजहांपुर की सीमा में छह स्थाई हेलीपैड का निर्माण होगा। इनमें सर्वाधिक पांच जलालाबाद तहसील में बनेंगे। इनके निर्माण के लिए अलग से जमीन अधिग्रहित की जा रही है। तहसीलदार ने बताया कि सदर तहसील के गांव झरहरहरीपुर के अलावा जलालाबाद के नगला ताल्लुके खंडहर, खूंटा नगला, दियुरा, पीरू तथा चढोकर गांव में एक्सप्रेस-वे के किनारे हेलीपैड के निर्माण प्रस्तावित है।
सभी 27 गांवों में कुल 2776 बैनामा होने थे, जिनमें 2394 करा लिए गए हैं। शेष जमीनों के बैनामे कराने का कार्य तेजी से चल रहा है। जिन किसानों की जमीन ली गई उनके बैंक खातों में अब तक 246 करोड़ की धनराशि भी भेजी जा चुकी है। किसानों को किसी तरह की दिक्कत हो तो उनसे या क्षेत्रीय लेखपाल से संपर्क कर सकता है। - सौरभ भट्ट, एसडीएम, जलालाबाद