शाहजहांपुर। हाईवे पर हुलासनगरा रेलवे फाटक से गुजरने वालों को कुछ राहत मिलने वाली है। अमर उजाला में खबर छपने के बाद गुरुवार को फाटक के आसपास रोड के गड्ढे भरने का काम शुरू कराया गया जो देर रात तक किया गया। इधर, काम कराने वाली कंपनी के अनुसार ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस लेन बनाई जाएगी, जिसका काम दो सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। कंपनी के अफसर के अनुसार हुलासनगरा फाटक पर अंडर पास भी बनेगा।
लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण का काम शुरू हुए एक दशक से ज्यादा समय गुजर गया। दिल्ली से बरेली तक चौड़ीकरण का काम पूरा हो गया, लेकिन बरेली-सीतापुर के बीच अभी निर्माण अधूरा है। मीरानपुर कटरा इलाके में स्थित हुलासनगरा रेलवे फाटक पर लगने वाला जाम इधर से गुजरने वाले राहगीरों के लिए की सबसे बड़ी समस्या है। गुरुवार को अमर उजाला में हाईवे के गड्ढे और जाम की दिक्कत को प्रमुखता से छापा गया। उधर, जिला प्रशासन की ओर से हाईवे और ओवरब्रिज निर्माण की प्रगति जानने के लिए एनएचआई को पत्र लिखा। एनएचआई की ओर से ओवरब्रिज निर्माण करने वाली कंपनी पूजा रोड लाइंस को पत्र भेजा गया। इस पर गुरुवार को कंपनी की ओर से फाटक के आसपास हाईवे पर पैचवर्क का काम शुरू कर दिया गया, जो देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान उधर से निकलने वाले वाहनों को डायवर्ट करके कसरक और जैतीपुर से होकर निकाला गया।
कंपनी के सर्वे इंजीनियर सुशील शर्मा ने बताया कि ओवरब्रिज के दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जाएगी। सर्विस रोड निर्माण के लिए मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया गया। दो सप्ताह में सर्विस रोड का निर्माण कर दिया जाएगा। ओवरब्रिज निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है। फाटक पर अंडर पास भी बनाया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आने जाने की दिक्कत न हो। हाईवे के चौड़ीकरण का ठेका शुरू में ऐरा कंपनी को दिया गया था, जिसने निर्माण अधूरा छोड़ दिया। अब हुलासनगरा ओवरब्रिज निर्माण का ठेका पूजा रोड लाइंस के पास है।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र भेजा गया, जिसमें नेशनल हाईवे पर पैचवर्क की प्रगति के बारे में पूछा गया। - रामसेवक द्विवेदी, एडीएम प्रशासन