भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने जिले में आने वाले प्रवासी मजदूरों का विवरण जुटाना शुरू कर दिया है। बीट के सिपाहियों को सात बिंदुओं पर प्रवासी मजदूरों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी का रिकॉर्ड रजिस्टर में अंकित कर थाने में रखा जाएगा। पुलिस इनकी क्राइम हिस्ट्री भी खंगालेगी। यह कदम भविष्य में आपराधिक वारदातों पर लगाम कसने के लिए उठाया गया है। जनपद में मुंबई, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश आदि प्रदेशों से भारी संख्या में प्रवासी मजदूर लौटे हैं, जिनका रिकार्ड पुलिस के पास नहीं है।
प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन दीपक शुक्ला ने बताया कि बीट के सिपाहियों को प्रवासी मजदूरों का नाम, पता, उम्र, मोबाइल नंबर, यदि उनके पास मोटरसाइकिल है तो मोटरसाइकिल का नंबर, कौन सी है, कब कहां से आए थे, कब कहां गए थे, कब वापसी हुई है, इस संबंध में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। थाना क्षेत्र के सभी प्रवासी मजदूरों का विवरण नोट करके एक रजिस्टर में अंकित किया जाएगा। ताकि इनके संबंध में पूरी जानकारी थाने में उपलब्ध रहें। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ऐसा क्राइम कंट्रोल के उद्देश्य से किया गया है। जानकारी जुटाने का उद्देश्य यह भी है कि प्रवासी मजदूरों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बना रहेगा और वे अपराध की ओर मुखातिब नहीं होंगे। बीट के सिपाही और हल्का इंचार्ज प्रतिदिन इन पर निगरानी बनाए रखेंगे और इमानदारी से मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन किए जाने की प्रेरणा भी देंगे।
प्रवासी मजदूरों का रिकॉर्ड खंगालने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। बाहर से आने वाले प्रत्येक प्रवासी मजदूर की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इसका रजिस्टर थाने में रहेगा। -प्रवीन कुमार, सीओ सिटी, शाहजहांपुर।