फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूंदाबांदी ने दिखाया मौसम बदलने का ट्रेलर, 7.6 डिग्री लुढ़का पारा

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी के प्रकोप से बेहाल लोगों को बुधवार रात से बादल छाने के साथ चली तेज पुरवा हवा ने काफी राहत दी। बृहस्पतिवार को सुबह बादल घने होने के साथ बूंदाबांदी हुई तो हवा में नमी बढ़ने के साथ पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। हालांकि, दस बजे तक बूंदाबांदी थमने के साथ पुरवाई तेज बही तो बादल छंटने से धूप निकल आई, लेकिन वातावरण में बढ़ी आर्दता से उमस पैदा हो गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार उत्तर-पूर्व दिशा की हवाओं पर पश्चिमी विक्षोभ हावी होने से मौसम में बदलाव आया है। मगर शुक्रवार को दिन में तेज धूप निकलने से फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है।
विज्ञापन

बुधवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। सूर्यास्त से पहले तक आसमान से आग बरसती रही, लेकिन रात नौ बजे से बादल गहराने के साथ ठंडी पुरवा हवा चली तो लोगों को खासी राहत महसूस की। बृहस्पतिवार तड़के आसमान भूरे बादलों की चादर से घिरा दिखा। उसके बाद बादलों की गरज के साथ फुहारें गिरने लगीं। बूंदाबांदी से आर्द्रता बढ़कर 78 फीसदी तक पहुंच गई, जिससे गर्मी का लोप होने के साथ माहौल खुशनुमा हो गया। बमुश्किल 20 मिनट तक बूंदाबांदी होने के बाद पुरवा के थपेड़े बादलों को अपने साथ बहा ले गए। इस कारण फिर से धूप निकल आई और हवा में घुली नमी वाष्प बनकर वातावरण में फैली तो उमस पैदा होने लगी। छायादार स्थानों पर शीतल हवा से ठंडक बनी रही, लेकिन खुले स्थानों पर धूप से उपजी गर्मी लोगों को परेशान करने लगी। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार तेज धूप के कारण शाम तक आद्र्रता घटकर 58 फीसदी रह गई। उन्होंने बताया कि बैरोमीटर की रीडिंग में 25 मिलीबार की वृद्धि को देखते शुक्रवार को दिन भर मौसम सामान्य रहेगा और गर्मी बढ़ेगी, लेकिन शनिवार को आंधी के साथ बारिश होने का अनुमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें