मिर्जापुर। खाद्य वस्तुओं में मिलावट की शिकायतों का संज्ञान लेेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को अभिहीत अधिकारी विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस फोर्स के साथ कसबा समेत क्षेत्र के गांव बहेरिया में दो किराना स्टोर्स पर छापा मारा। इस दौरान अधिकारियों ने दोनों दुकानों से लाल मिर्च पाउडर समेत खुले और पैक्ड सरसों के तेल के चार नमूने जांच को सील किए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि विभाग के असिस्टेंट कमिश्रर संजय पांडेय के निर्देश पर हुई छापा कार्रवाई के तहत कसबा निवासी रामकुमार गुप्ता की किराना शॉप गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी से मिर्च पाउडर और खुले सरसों के तेल के दो नमूने लिए गए। बाद मेें अधिकारियों की टीम ने गांव बहेरिया जाकर चुन्नू गुप्ता के प्रतिष्ठान जय बालाजी ट्रेडर्स से खुले और जय दुर्गा ब्रांड पैक्ड सरसों के तेल के दो अन्य नमूने लिए। सभी नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। छापा डालने वाली टीम में एफएसओ रामजी शुक्ला, नरेंद्र शर्मा, महेश वर्मा आदि अधिकारी शामिल रहे। संवाद