शाहजहांपुर। जल निगम के ठेकेदार की मनमानी का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन डालने के लिए पूरे शहर की मुख्य सड़कों को ही नहीं मोहल्लों की गलियों को भी खोद डाला गया है। इसकी वजह लोगों को निकलना बैठना तक दूभर है। यही हाल शहर की पॉश कॉलोनी आवास विकास का भी है। जहां तो लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।
आवास विकास कॉलोनी में जल निगम मोटे-मोटे डबल पाइप डाल रहा है। इसके लिए चार दिन पहले जेसीबी से गली की खोदाई की गई थी। खोदाई के दौरान सड़क के नीचे पड़ी पुरानी पाइप टूटने के साथ ही नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। ऐसे में पाइप लाइन से बहने वाला तथा नालियों का पानी खोदे गए गड्ढों में भर गया है। एक ओर सड़क को खोदकर डाली गई मिट्टी, उसके बाद गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
गली की पूरी सड़क खुदी होने से वाहन का आना जाना तो दूर लोग पैदल भी नहीं निकल पा रहा है। कॉलोनी में बने पार्क के ठीक सामने वाली इस गली में करीब 15-20 मकान हैं। ठेकेदार की लापरवाही के कारण कॉलोनी वासी अपने घरों में कैद हैं। जिसको लेकर लोगों को आक्रोश भी है।
पूरे मोहल्ले में डाली जानी है पाइप लाइन
मोहल्ले में काफी पुरानी पाइप लाइन पड़ी हुई है, जिससे घरों में वाटर सप्लाई हो रही है। अब नई पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है। पेटीमैन रहीम खां ने बताया कि पूरे कॉलोनी के मुख्य मार्ग के साथ ही गली में भी पाइप लाइन डालने का काम किया जाना है। नक्शे के हिसाब से गली में सड़क को खोदकर पाइप लाइन डाली जाएगी। इसके बाद हर घर में पानी का कनेक्शन दिया जाएगा।
मोटर से निकाला गया पानी
मशीन से लाइन डालते समय पुरानी पाइप लाइन से दिए गए वाटर सप्लाई कनेक्शन टूटने और नालियां क्षतिग्रस्त होने की वजह से गड्ढों में भरे पानी को निकालने के लिए बृहस्पतिवार को मोटर लगाया गया था। पानी निकाल रहे मजदूरों ने बताया कि तीन-चार घंटों में पानी को निकाल दिया जाएगा और दो दिन में गड्ढे भर जाएंगे।
लोगों की बात
पुरानी पाइप लाइन से घर में पानी मिल रहा था। चार दिन पहले नई पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई के दौरान कनेक्शन टूट जाने से पानी नहीं मिल पा रहा। जिसकी वजह से दिक्कत हो रही है। - सुमन लता
मोहल्ले में सड़कों को खोदकर छोड़ दिया है, गली में खोदाई के दौरान लापरवाही के चलते पुरानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से जलभराव के कारण निकलना बैठना दूभर हो गया है। पता नहीं कब तक सड़क सही होगी। - मूल सिंह
कॉलोनी के घरों में साफ-सफाई का काम करते हैं। गली खुदी होने की वजह से घरों जाना मुश्किल होता है। खोदाई के बाद इकट्टी की गई मिट्टी के ऊपर से निकलकर जाना पड़ रहा है और नीचे पानी भरा है। - पूजा
जल निगम वालों ने कॉलोनी की अच्छी खासी सड़कों को खोद डाला है। जिसकी वजह से गली से निकल नहीं पाते, दूसरे रास्ते का आना-जाना पड़ रहा है। जोकि लंबा पड़ता है। सभी परेशान हो रहे हैं। - सीताराम
कॉलोनी में पाइप लाइन डाली जा रही है। पाइप लाइन पड़ने के बाद सड़क को फिर से ठीक करवा दिया जाएगा। जिसके बाद किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। - सुनील यादव, एक्सईएन, जल निगम