शाहजहांपुर। शहर की चौक कोतवाली क्षेत्र के कच्चा कटरा मोहल्ले में बुधवार रात तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। आग में मोबाइल रिपेयरिंग, टीवी रिपेयरिंग और हेल्थ केयर लैब की दुकानों का सारा सामान जल गया, जिससे लाखों का नुकसान हुआ। सूचना मिलने पहुंची फायरब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चौक कोतवाली क्षेत्र के कच्चा कटरा मोड़ पर बुधवार रात करीब 12 बजे राधे-राधे मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान का शटर बंद होने के कारण अंदर ही अंदर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने अंदर से धुआं निकलता देखा तो दुकान मालिक आशीष कुमार गुप्ता और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
उसी बिल्डिंग में दूसरी मंजिल पर कुंवर हर्ष की टीवी रिपेयरिंग की दुकान है, जिसके कुछ हिस्से में हेल्प केयर लैब है। कुछ ही देर में आग ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे मोबाइल रिपेयरिंग व टीवी रिपेयरिंग की दुकान में रखा सामान भी जलने लगा। इस बीच पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मगर तब तक तीनों दुकानों का सारा सामान जल गया। दुकानदार आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने रात करीब नौ बजे दुकान बंद की थी। दुकान के अंदर बिजली के स्विच और इन्वर्टर बंद थे। दुकान के अंदर आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
रात में आग लगने की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर भेजी गई थी। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
रेहान अली, मुख्य अग्निशमन अधिकारी