बड़ी सब्जी में खरीददारी करने को उमड़ी भीड़ । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए सामाजिक दूरी जरूरी है। इसीलिए पूरे देश में लॉकडाउन जारी है। शनिवार को ईद की खरीदारी के लिए बाजार में भीड़ उमड़ी तो सामाजिक दूरी की खूब धज्जियां उड़ाई गईं। ईद की खरीदारी की खुशी में लोग कोरोना के खतरे को भूल गए। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को बाजार में कई जगह डंडे फटकारने पड़े।
ईद रविवार या सोमवार को होने की उम्मीद है। इससे लोगों ने ईद की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने जमकर खरीदारी की। बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक ने शनिवार को नए कपड़े, फल, मिठाई, सेवइयां, सूत फेनी, पिंड, खजूर आदि की खरीदारी की। वही महिलाओं ने भी एक साथ घरों से निकलकर ईद की तैयारियां पूरी की बहादुरगंज, सदर बाजार, जलाल नगर, दलेलगंज, चौक आदि बाजारों में भीड़ उमड़ती रही। बड़ी संख्या में लोग कार और मोटरसाइकिल में लेकर बाजार में निकल पड़े। बहादुरगंज स्थित चूड़ी वाली गली समेत क्षेत्र के आसपास हजारों की भीड़ बढ़ती रही और लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग की ओर ध्यान ही नहीं दिया। ईद को देखते हुए सभी प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस की व्यवस्था की गई है।