ओसीएफ और नगर रामलीला धीरे-धीरे चरम पर पहुंचती जा रही है। एक ओर रामलीला देखने के लिए चुनिंदा दर्शक पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मेला का आनंद लेने के लिए भी भारी भीड़ जुट रही है। खास तौर पर महिलाएं और बच्चे मेले में झूलों, खेल-तमाशों और खानपान की वस्तुओं का आनंद ले रहे हैं।
नगर रामलीला में सूर्पणखा की नाक कटने के बाद जब उसके अपने अपमान की बात भाई रावण को बताई तो रावण आग-बबूला हो गया और उसने खर-दूषण को षडयंत्र रचकर राम के पास भेजा। इस बीच योजना के मुताबिक रावण ने सीता का अपहरण कर लिया। लीला मंचन में सचिन शर्मा, संदीप राठौर, संजय सक्सेना, साक्षी मिश्रा, शिवानी, साधना, गुनगुन, राकेश श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, अरविंद, मुकेश सक्सेना, अनिल आदि शामिल रहे। इससे पूर्व मां ज्वाला देवी की झांकी की श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और सुख-समृद्धि की कामना की।
उधर, ओसीएफ रामलीला में दिखाया गया कि राम के वन जाने की सूचना पाकर भरत बहुत व्यथित होते हैं और वह राम को मनाने के लिए सुमंत के साथ चित्रकूट पहुंचते हैं। राम पिता की आज्ञा को सिरोधार्य करते हुए वापस लौटने से मना कर देते हैं। इस पर भरत भाई राम की चरण पादुकाएं लेकर अयोध्या लौट आते हैं। गीत-संगीत से सजी-संवरी लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे। ओसीएफ अधिकारियों ने भी रामलीला का खूब आनंद लिया। इधर, मेला प्रदर्शनी में दर्शकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। लीला मंचन में पैट्रिक दास, प्रियंका, कौशल पांडेय, एके धवन, रोहित कुमार, देवेंद्र पाल, विशाल शर्मा, शिवम श्रीवास्तव, आयुष मिश्रा, कल्याण राम, वंदना आदि शामिल रहे।
रामलीला में आज
- ओसीएफ रामलीला में सूर्पणखा नासिका भंग, सीता हरण, शबरी मोक्ष, राम-हनुमान-सुग्रीव मिलन, बालि वध आदि लीलाओं का मंचन।
- नगर रामलीला में शबरी भक्ति, राम-हनुमान मिलन एवं सुग्रीव मित्रता, बालि वध आदि लीलाओं का मंचन।
सिसनई में हुआ राम जन्म लीला का मंचन
ददरौल। क्षेत्र के गांव सिसनई में चल रही श्रीराम कथा में फिरोजाबाद से आये कथावाचक मदन मस्ताना ने राम जन्म और सीता स्वयंवर का प्रसंग बड़े ही मार्मिक ढंग से सुनाया। इस दौरान कलाकारों ने लीला का मनोहारी ढंग से मंचन भी किया। लीला मंचन में रामरहीस वर्मा, वासुदेव, मानदाता, अवनीश, हरिपाल, साधू, धर्मपाल और सोमवीर शामिल रहे। आयोजन में अखिलेश वर्मा, सर्वेश वर्मा, मनोज वर्मा, रोशन वर्मा आदि का सहयोग रहा।