शाहजहांपुर। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब सप्ताह में एक दिन हलवा खाने के लिए मिलेगा। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन के अंतर्गत बच्चों को हलवा वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही हलवा तैयार करने और बांटने वाले रसोइयों को प्रत्येक बच्चे के हिसाब से दो रुपये अतिरिक्त पारिश्रमिक भी दिया जाएगा।
योजना नवंबर से 14 सप्ताह तक संचालित होगी। इसके तहत प्रत्येक शुक्रवार को बच्चों को हलवा वितरित किया जाएगा। यदि शुक्रवार को अवकाश रहता है तो अगले कार्यदिवस पर वितरण किया जाएगा। व्यवस्था के अनुसार, महीने के पहले और तीसरे सप्ताह में मीठा हलवा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह में नमकीन हलवा दिया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र के बाद बीएसए ने सभी बीईओ को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विद्यालय स्तर पर रसोइयों की ओर से हलवा तैयार कर बच्चों को वितरित किया जाएगा। इसके एवज में प्रति छात्र दो रुपये की दर से रसोइयों को अतिरिक्त पारिश्रमिक मिलेगा। यह राशि विद्यालय में कार्यरत रसोइयों के बीच समान रूप से बांटी जाएगी। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि निर्देशों के अनुसार ही कार्य कराया जाएगा।