सेहरामऊ दक्षिणी / शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के आटा खुर्द गांव निवासी शंकर मौर्य की पत्नी 45 वर्षीय सुमन रविवार रात मोबाइल के लिए झगड़ा कर रहे बच्चों से नाराज होकर फंदे से लटक गईं। देर रात राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, खेतीबाड़ी करने वाले शंकर मौर्य रविवार शाम किसी काम से बाहर गए हुए थे। इस दौरान उनके दो बच्चे मोबाइल को लेकर झगड़ा कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, सुमन ने बच्चों को काफी समझाया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद जान देने की बात कहते हुए सुमन ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
बच्चों को मां की कही बात पर यकीन नहीं हुआ। काफी देर दरवाजा नहीं खुलने पर बच्चों ने कमरे के अंदर दरवाजे की दराज से झांका। देखा कि उनकी मां कुंडे से लटकी हुईं थीं। गले में साड़ी का फंदा पड़ा हुआ था। इसके बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। दरवाजा तोड़कर सुमन को फंदे से नीचे उतारकर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए।
इलाज के दौरान रात करीब साढ़े 11 बजे सुमन ने दम तोड़ दिया। सुमन के शव को देख उनके पति, बेटे नितिन और नितेश का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार तोमर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चों में विवाद में नाराजगी में महिला ने जान दी है।