कलान। मोहल्ला सरस्वती नगर में रविवार की शाम खंभे पर सीढ़ी लगाकर बिजली लाइन ठीक कर रहे 21 वर्षीय नन्हे राठौर अचानक करंट की चपेट में आ गए और सीढ़ी समेत खंभे से नीचे पक्के आरसीसी मार्ग पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हाे गए।
घर वाले उन्हें बेहोशी की हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाकर बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर वालों ने बताया कि हादसे के वक्त नन्हे अपने फुफेरे भाई रविंद्र राठौर के यहां दावत में गए थे। वहां घर की बिजली लाइन में खराबी आने पर वह उसे ठीक करने के लिए खंभे पर सीढ़ी लगाकर चढ़े थे। नन्हे छह भाई-बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर सोमवार को ढाई घाट गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद