शाहजहांपुर। तिलहर तहसील के कजरीनूरपुर गांव में पांच एकड़ जमीन पर आधुनिक सुविधाओं वाला मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल का निर्माण कराया जाएगा। विद्यालय में प्री प्राइमरी से बारहवीं तक की पढ़ाई का इंतजाम होगा। शिक्षा विभाग प्रत्येक तहसील में ऐसे स्कूल का बनवाएगा।
बेसिक शिक्षा परिषद के 2720 स्कूलों का जनपद में संचालन होता है। इन स्कूलों में अभी तक दो लाख 71 हजार छात्र-छात्राओं का प्रवेश हो चुका है। कक्षा एक से आठ तक संचालित स्कूलों में पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र-छात्राओं को उच्चीकृत विद्यालय में प्रवेश लेना पड़ता है। परिषद से संचालित कुछ स्कूल कॉन्वेंट की तरह हैं, जबकि बड़े पैमाने में स्कूलों की स्थिति काफी ज्यादा खराब है।
विभाग से ही मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल का निर्माण कराया जाना है। पहले चरण में तिलहर तहसील के कजरीनूरपुर गांव में बनाने को हरी झंडी मिल गई। पांच एकड़ से अधिक जमीन पर बनने वाले स्कूल में 30 करोड़ रुपये खर्च आएगा। 24 करोड़ से भवन तैयार होगा, साथ ही छह करोड़ से प्रयोगशाला, लाइब्रेरी समेत अन्य सुविधाओं का इंतजाम किया जाएगा।
विद्यालय में कक्षा एक से बारह तक की पढ़ाई की सुविधा रहेगी। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। स्कूल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, साथ ही पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
-
प्रत्येक तहसील में बनना है स्कूल
निजी स्कूलों की तरह विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक तहसील में एक स्कूल को बनाने की तैयारी है। दो तहसीलों के प्रस्ताव आ गए हैं। शेष से प्रस्ताव मांगे गए हैं। उसके बाद जमीन की तलाश शुरू की जाएगी।
चिनौर में अभ्युदय कंपोजिट स्कूल बनेगा
सदर तहसील के चिनौर में अभ्युदय कंपोजिट स्कूल बनाने के लिए चिनौर के विद्यालय को चिह्नित किया गया। इसमें नर्सरी से लेकर आठवीं तक की कक्षाएं चलेंगी। छात्रों को हाईटेक भवन के साथ अन्य सुविधाएं मिलेंगी। स्कूल की स्मार्ट कक्षाओं में छात्रों को पढ़ाया जाएगा। एक लाइब्रेरी होगी, जिसमें छात्रों को बैठकर पढ़ने के लिए सभी सुविधाएं मिलेंगी।